Published on: 22 Apr 2026
विश्व पृथ्वी दिवस पर वृक्षारोपण एवं जागरूकता अभियान का आयोजन।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्राणी विज्ञान विभाग के द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत परिसर में पौधारोपण से हुई जिसमें छात्रों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पंकज कुमार त्यागी ने संकाय सदस्यों और छात्रों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने सभी युवा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हम सभी को एकजूटता के साथ आगे बढ़ते हुए पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए अधिक-से-अधिक पेड़ पौधे लगाने चाहिए। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह, प्रो. सतिंदर बल, प्रो. सतीश (चीफ वार्डन) ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इसके बाद जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग में कमी और वन्यजीवों की रक्षा की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। छात्रों ने पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पंकज कुमार त्यागी ने कहा कि “पृथ्वी दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हर छोटा प्रयास—चाहे वह एक पौधा लगाना हो या अपशिष्ट कम करना—धरती को स्वस्थ बनाने में योगदान देता है।”
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेने के साथ हुआ। इस अवसर पर डॉ. श्रुति, डॉ. दीप्ति यादव और डॉ. प्रिया कुमारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल दिया। इस आयोजन ने प्राणी विज्ञान विभाग की पर्यावरणीय संतुलन के प्रति प्रतिबद्धता और समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में उसके प्रयासों को उजागर किया।